मोदी सरकार के 11 साल पूरे: भाजपा चलाएगी 'संकल्प से सिद्धि' महाअभियान, अजमेर में जिला कार्यशाला का आयोजन
अजमेर, 6 जून 2025 — केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में 'संकल्प से सिद्धि' महाअभियान चलाएगी। इसी कड़ी में शुक्रवार को अजमेर शहर एवं देहात जिला भाजपा द्वारा संयुक्त रूप से जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला शहर अध्यक्ष रमेश सोनी और देहात जिला अध्यक्ष जीतमल सारस्वत के नेतृत्व में सम्पन्न हुई, जिसमें मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में भाजपा की राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर उपस्थित रहीं।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए अलका गुर्जर ने कहा कि 9 जून से 21 जून तक ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान के तहत केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यह अभियान "विकसित भारत के अमृत काल" तथा "सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष" की थीम पर केंद्रित होगा। इस दौरान प्रबुद्धजन बैठकें, मोहल्ला सभाएं, नुक्कड़ नाटक, डिजिटल प्रतियोगिताएं, और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं की जानकारी जनता को दी जाएगी। साथ ही भाजपा कार्यालयों पर प्रदर्शनी लगाकर कार्यकर्ताओं को योजनाओं से अवगत कराया जाएगा।
सेवा, सुशासन और पर्यावरण संरक्षण पर रहेगा फोकस
प्रदेश महामंत्री एवं देव नारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने कहा कि मोदी सरकार ने सेवा और सुशासन के माध्यम से देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर किया है। अभियान के तहत 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंडल, बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही जल और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी विशेष पहल की जाएगी।
प्रदेश मंत्री मिथलेश गौतम ने कहा कि वर्ष 2014 में मोदी सरकार एक संकल्प के साथ सत्ता में आई थी, और अब वह संकल्प सिद्ध होता दिख रहा है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और भारत के विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने को इसी दिशा की उपलब्धि बताया।
आपातकाल के 50 वर्ष: लोकतंत्र सेनानियों का होगा सम्मान
कार्यक्रम में बताया गया कि कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल को 50 वर्ष पूरे होने पर भाजपा विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसमें लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया जाएगा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत
सीएम भजनलाल शर्मा द्वारा राज्य में जल और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में चलाए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि 5 जून से दो माह तक चलने वाले वृक्षारोपण अभियान के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की है।
भाजपा ने वादों को किया पूरा: अनिता भदेल
दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने कार्यशाला में कहा कि भाजपा ने 2014 में किए गए 500 में से 499 वादों को पूरा किया, जबकि 2019 के 235 में से 225 वादे पूर्ण हो चुके हैं। बाकी भी क्रियान्वयन की दिशा में हैं। उन्होंने कहा कि आज संकल्प पत्र केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर उतरने वाला विजन बन चुका है।
कार्यशाला की शुरुआत देहात जिला अध्यक्ष जीतमल सारस्वत के स्वागत भाषण से हुई, जबकि समापन पर शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने सभी अतिथियों व कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद सारस्वत सहित सभी प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष अरविंद यादव, डॉ. प्रियाशील हाड़ा, शिवराज चौधरी, सभापति किशनगढ़ दिनेश राठौड़, उपमहापौर नीरज जैन, सरिता गैना, वंदना नोगिया, विकास सोनगरा, राजेश शर्मा, राजेश घाटे, विक्रम सिंह, पवन जैन, सुभाष वर्मा, सुनीता यादव, शक्ति सिंह रावत, महेंद्र सिंह मंजेवला, भंवरलाल बुला, अर्जुन नलिया, भारती श्रीवास्तव, सुलोचना शुक्ला, मोहन सिंह रावत, प्रकाश रावत, हंसराज चौधरी, चेतन गोयर, भोलाराम गुर्जर, नरेंद्र सिंह चुंडावत, अर्जुन सिंह रावत, रामचंद्र थाकन, चेतन चौधरी, दिनेश नायक सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
देश और अजमेर से जुड़ी ताजा खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ
रिपोर्ट – [News daily hindi]
संपर्क – [9024670786]
सम्पादक: मोहम्मद रज़ा
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें