अजमेर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जन्मदिन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया 102 यूनिट रक्तदान, सेवा कार्यों में दिखा उत्साह

अजमेर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जन्मदिन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए रक्तदान और अन्य जनसेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया। जवाहरलाल नेहरू अस्पताल स्थित जोनल ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर में 102 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
शिविर का उद्घाटन पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र राठौड़ ने किया। इस मौके पर विधायक विकास चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, पूर्व विधायक डॉ. श्री गोपाल बाहेती, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, नेता प्रतिपक्ष द्रोपदी कोली समेत अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गहलोत की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए रक्तदान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 200 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया और 102 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। रक्तदाताओं, चिकित्सकों और सहयोगियों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत ने हमेशा राजस्थान की जनता की सेवा की है और उनके जन्मदिन पर समाजसेवा कर कार्यकर्ताओं ने उनकी भावना का सम्मान किया है। गहलोत की अपील पर प्रदेशभर में रक्तदान व अन्य सेवा कार्य आयोजित किए गए।

अजमेर उत्तर ब्लॉक ए, ब्लॉक बी, दक्षिण ब्लॉक ए, दक्षिण ब्लॉक बी तथा सभी मंडल इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में इस शिविर का आयोजन हुआ। इसके अतिरिक्त गौशाला में चारा-गुड़ वितरण, कबूतरशाला में ज्वार-मक्का दाना वितरण, वृद्धाश्रम में भोजन सेवा व दयानंद बाल सदन अनाथालय में हवन यज्ञ व फल-मिठाई वितरण जैसे कार्यक्रम भी संपन्न हुए।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता, युवा कांग्रेस, माली सेना तथा अन्य संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे और समाजसेवा में सहभागिता निभाई।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय लेते हुए कार्यकर्ताओं से रक्तदान और जनसेवा करने का आग्रह किया था, जिसे अजमेर में कार्यकर्ताओं ने सेवा भाव से निभाया।

रिपोर्ट – [News daily hindi]
संपर्क – [9024670786]
सम्पादक: मोहम्मद रज़ा

टिप्पणियाँ