अजमेर: तिब्बती गर्म वस्त्र बाजार में सर्वधर्म प्रतिनिधियों ने की विश्व शांति और कौमी एकता की प्रार्थना दीप प्रज्वलन, पुष्पांजलि और तिब्बती प्रार्थना के साथ सीजन के अंतिम विक्रय दिवस पर आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
अजमेर, 31 जनवरी 2025।
कचहरी रोड स्थित इंडिया मोटर्स सर्किल के पास संचालित तिब्बती शरणार्थी ल्हासा गर्म वस्त्र विक्रेता बाजार में शनिवार को इस सीजन के अंतिम विक्रय दिवस पर विश्व शांति और कौमी एकता के लिए सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व तिब्बती एसोसिएशन के प्रधान चो गियाल्तसेन और श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ की सर्वधर्म समिति के संस्थापक एवं महासचिव रमेश लालवानी ने किया।
![]() |
अजमेर के तिब्बती ल्हासा गर्म वस्त्र बाजार में सर्वधर्म प्रतिनिधि विश्व शांति के लिए प्रार्थना करते हुए। |
कार्यक्रम में महात्मा बुद्ध और धर्मगुरु दलाई लामा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तिब्बती भाषा में “सभी का मंगल हो” की कामना के साथ पुष्पांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सर्वधर्म प्रतिनिधियों ने विश्व शांति, आपसी सद्भाव और भाईचारे के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
प्रधान चो गियाल्तसेन ने अपने संबोधन में कहा कि परम पूज्य दलाई लामा ने करुणा और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि इसी भावना के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि विभिन्न धर्मों और समुदायों के बीच प्रेम और एकता का संदेश मजबूत हो।
कार्यक्रम संयोजक रमेश लालवानी के नेतृत्व में विभिन्न धर्मों और समाजों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें मुस्लिम समुदाय से एडवोकेट वाहेदा चिश्ती, श्रीमती कुशाल जैन, के.एल. डेविड, दादा भगवान विचारधारा से रणवीर सैनी, राधास्वामी संतमत से प्रतिनिधि, सरदार भजन सिंह, रामेश्वरम मंदिर से राजेंद्र मूरजानी सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।
तिब्बती समुदाय द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया, वहीं सर्वधर्म प्रतिनिधियों ने तिब्बती समुदाय का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक तिब्बती शॉल (खददड) ओढ़ाकर सम्मान एवं मुंह मीठा कराकर भाईचारे का संदेश दिया गया।
रमेश लालवानी ने कहा कि व्यापार जगत हर धर्म, हर समुदाय और महिला-पुरुष सभी को साथ लेकर चलता है। व्यापारी वर्ग की पहचान आपसी सहयोग, सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी से होती है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और शांति की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम का समापन विश्व शांति, कौमी एकता और आपसी भाईचारे की कामना के साथ किया गया।
#अजमेर #तिब्बतीबाजार #विश्वशांति #कौमीएकता #सर्वधर्मसभा #AjmerNews #TibetanMarket #InterfaithPrayer #DalaiLamaMessage #अजमेरसमाचार #शांतिसंदेश #भाईचारा #Newsdailyhindi
देश और अजमेर से जुड़ी ताजा खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ
रिपोर्ट – [News daily hindi]
सम्पादक: मोहम्मद रज़ा



Nice 👍 👍 👍 👍 👍
जवाब देंहटाएं