अजमेर विश्वविद्यालय में कॉपियों की जांच पर बवाल, एनएसयूआई के प्रदर्शन को युवा कांग्रेस का समर्थन, 7 दिन में कार्रवाई नहीं तो कुलपति घेराव
अजमेर विश्वविद्यालय में उत्तर पुस्तिकाओं की जांच को लेकर उठे सवालों के बीच छात्र संगठनों का विरोध तेज होता जा रहा है। एनएसयूआई द्वारा किए गए प्रदर्शन को अजमेर युवा कांग्रेस ने पूर्ण समर्थन देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवा कांग्रेस का कहना है कि विश्वविद्यालय में परीक्षा कॉपियों की जांच में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं, जिससे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
अजमेर युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। विद्यार्थियों का आरोप है कि परीक्षा परिणाम उनकी उत्तर पुस्तिकाओं के अनुरूप नहीं घोषित किए जा रहे हैं। कई मामलों में विद्यार्थी अनुत्तीर्ण या केवल औसत अंक से उत्तीर्ण घोषित किए जाते हैं, जबकि पुनर्मूल्यांकन (री-वैल्यूएशन) के लिए आवेदन करने के बाद, निर्धारित शुल्क जमा करने पर उनके अंकों में 20 से 30 अंकों तक की अप्रत्याशित बढ़ोतरी सामने आती है।
युवा कांग्रेस का कहना है कि यह स्थिति स्पष्ट रूप से इस ओर इशारा करती है कि उत्तर पुस्तिकाओं की जांच विश्वविद्यालय के तय नियमों और शैक्षणिक मानकों के अनुसार नहीं की जा रही है। मोहित मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति की जानकारी में उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए नियुक्त समन्वयकों (को-ऑर्डिनेटर्स) द्वारा नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि अयोग्य और अनधिकृत व्यक्तियों से कॉपियों की जांच करवाई गई है, जिसका खुलासा अब सामने आ चुका है।
युवा कांग्रेस ने विश्वविद्यालय प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि एनएसयूआई द्वारा सौंपे गए मांग-पत्र की मांगों को सात दिनों के भीतर पूरा नहीं किया गया, तो विश्वविद्यालय के कुलपति का घेराव किया जाएगा। साथ ही विश्वविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और कथित घोटालों के विरोध में व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा और कुलपति के इस्तीफे की मांग भी की जाएगी।
युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन द्वारा विश्वविद्यालय में हो रहे भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से जुड़े तथ्यों और आंकड़ों को एकत्र किया जा रहा है, जिन्हें शीघ्र ही सार्वजनिक किया जाएगा।
इसके साथ ही युवा कांग्रेस ने कुलपति से सीधी मांग करते हुए कहा है कि वीडियो में सामने आए मामले में यह स्पष्ट किया जाए कि किस को-ऑर्डिनेटर द्वारा विद्यार्थियों से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करवाई गई। संबंधित को-ऑर्डिनेटर को तत्काल प्रभाव से लेक्चरर पद से हटाते हुए कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी या समन्वयक विश्वविद्यालय के नियमों का उल्लंघन कर विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न कर सके।
देश और अजमेर से जुड़ी ताजा खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ
रिपोर्ट – [News daily hindi]
सम्पादक: मोहम्मद रज़ा


Nice 👍👍👍
जवाब देंहटाएंBahut khub
जवाब देंहटाएं